नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की ‘Know BJP’ पहल के तहत आज नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि लामिछाने के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा के मीडिया विभाग की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक व्यवस्था की जानकारी दी।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न समसामयिक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। सांसद अनिल बलूनी ने भाजपा की कार्य संस्कृति, जनसंपर्क मॉडल और संगठन की गतिविधियों से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।
इसके बाद रवि लामिछाने और उनके प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ एवं ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक मूल्यों और जनता के मजबूत आपसी संबंधों पर आधारित हैं।
बैठक में भारत-नेपाल संबंधों को और सुदृढ़ बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों के आदान-प्रदान तथा राजनीतिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। भाजपा की ‘Know BJP’ पहल का उद्देश्य विभिन्न देशों के राजनीतिक दलों और प्रतिनिधियों को पार्टी की कार्यशैली, संगठनात्मक संरचना और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से परिचित कराना है।
नेपाल की सत्तारूढ़ RSP प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा मुख्यालय का किया दौरा, सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात

