
भूपेंद्र रोतेला
नारायणबगड़। दीपावली के पावन पर्व पर विकासखंड नारायणबगड़ में आपसी सौहार्द, एकता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की गई। ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की पहल पर ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में पहली बार भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ब्लॉक के कर्मचारियों ने एक साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने आगामी वर्ष से उत्तरायणी मेले को तीन दिवसीय आयोजित करने की घोषणा करते हुए स्थानीय लोक कलाकारों और लोक गायकों को मंच प्रदान करने की बात भी कही।
ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की इस पहल को क्षेत्र में आपसी समन्वय और जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ब्लॉक के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब दीपावली के शुभ अवसर पर इस प्रकार का मिलन समारोह आयोजित कर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को एक मंच पर लाया गया। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
दीपावली मिलन समारोह के दौरान ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को संरक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष से नारायणबगड़ में आयोजित होने वाले उत्तरायणी मेले को तीन दिवसीय स्वरूप दिया जाएगा। मेले में स्थानीय लोक कलाकारों और लोक गायकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे उनकी प्रतिभा को पहचान मिले और नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष दीपावली मिलन समारोह को भी और अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी), जिला पंचायत सदस्यों तथा ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारियों को दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी को मिठाई एवं मिट्टी के दीपक वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश भी देता है। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों से नारायणबगड़ विकासखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से भी अपील की कि इस दीपावली सभी मिलकर विकास, सहयोग और सामाजिक एकता का संकल्प लें।
ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने कहा कि दीपावली बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे, तब अयोध्यावासियों ने घी के दीप जलाकर उनका भव्य स्वागत किया था। तभी से दीपावली का पर्व पूरे देश में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करना चाहिए। दीपावली का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए।
दीपावली मिलन समारोह में जिला पंचायत सदस्य कोठली वार्ड साक्षी नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिंह खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण रावत, नीरज नेगी, विपिन परिहार, बीडीओ जितेंद्र सिंह, उर्मिला कंडारी, सुरेंद्र लाल, मोनू सती, सूरज रावत, रघुनाथ सिंह नेगी, देवेंद्र कोहली, दर्शन नेगी, संजू देवी, रुक्मणी देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

