द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। भारतीय जनता पार्टी के धर्म एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 15 अक्टूबर 2026 को ग्राम सभा असगोली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, उनके सेवा कार्यों तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को आशुतोष साही ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को उनकी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर भाजपा धर्म एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के रानीखेत जिला संयोजक बी.एस. बिष्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि जीवन में नैतिकता, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सभ्यता एवं संस्कृति से जुड़े रहने और भारतीय परंपराओं तथा सांस्कृतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
श्री बिष्ट ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनमें सामाजिक चेतना, रचनात्मकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जनसेवा के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन पर विद्यार्थियों ने रखे विचार, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

