देहरादून। उत्तराखंड के पांच साल के राजनीतिक इतिहास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कार्यकाल कई बड़े और ऐतिहासिक फैसलों के लिए अलग पहचान बनाता नजर आ रहा है। धामी केवल घोषणाओं का रिपोर्ट कार्ड नहीं, बल्कि नीतिगत फैसलों, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक बदलाव की ऐसी तस्वीर पेश कर गए, जिसने प्रदेश में विकास की नई लकीर खींच दी है। समान नागरिक संहिता लागू करने से लेकर सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी देने तक, पहली बार उत्तराखंड में एक साथ इतने व्यापक मोर्चों पर बड़े बदलावों की पहल देखने को मिली है। छह प्रमुख क्षेत्रों में सरकार ने पांच साल की उपलब्धियों का ब्यौरा सामने रखकर यह संदेश देने की कोशिश की कि उत्तराखंड अब केवल संभावनाओं वाला राज्य नहीं, बल्कि बड़े निर्णय लेने और उन्हें जमीन पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उत्तराखंड की राजनीति में विकास और सुशासन के मुद्दे को नई धार देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड सामने रखा। खास बात यह रही कि सरकार ने अपनी उपलब्धियों को केवल सड़कों, भवनों और योजनाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि कानून व्यवस्था, युवा भविष्य, महिला आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, कृषि और आर्थिक विकास जैसे छह बड़े क्षेत्रों में हुए बदलावों के आंकड़े जनता के सामने रखे।
धामी सरकार के इस रिपोर्ट कार्ड का राजनीतिक संदेश भी साफ है, उत्तराखंड में विकास का मतलब केवल बुनियादी ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव के साथ मजबूत शासन व्यवस्था तैयार करना है।
सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर देश में नई पहचान बनाई तो नकल विरोधी कानून के जरिए भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का संदेश दिया। सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली के प्रावधान जैसे फैसलों को भी अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।
युवाओं के मोर्चे पर 36 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आईं। जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को विदेशों में रोजगार से जोड़ने की पहल की गई। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और आधुनिक शिक्षा सुविधाओं का विस्तार भी रिपोर्ट कार्ड का हिस्सा रहा।
महिला सशक्तिकरण के मामले में 3.10 लाख लखपति दीदी का आंकड़ा सरकार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी पहल को दर्शाता है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड को बाजार में स्थापित करने का प्रयास किया गया। सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत महिला आरक्षण और नंदा गौरा योजना भी इसी दिशा के महत्वपूर्ण कदम हैं।
गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए पेंशन, आवास और मुफ्त गैस रिफिल जैसी योजनाओं के आंकड़े भी सामने रखे गए। करीब 9.99 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और एक लाख से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
खेती-किसानी को पारंपरिक आजीविका से आगे बढ़ाकर स्वरोजगार का माध्यम बनाने के लिए मिलेट्स, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहन दिया गया। पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और ट्राउट मछली पालन में भी नए अवसर विकसित करने की पहल की गई।
आर्थिक मोर्चे पर भी सरकार ने अपनी उपलब्धियों को आंकड़ों के साथ रखा। राज्य की जीएसडीपी वर्ष 2024-25 में बढ़कर 3.81 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई, जबकि प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। एमएसएमई इकाइयों और स्टार्टअप की बढ़ती संख्या को प्रदेश में उद्यमिता के विस्तार का संकेत बताया गया।
दरअसल, धामी सरकार का यह रिपोर्ट कार्ड आगामी राजनीतिक चुनौतियों से पहले विकास, रोजगार और सुशासन के मुद्दों पर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा सकता है। सरकार ने आंकड़ों के जरिए यह बताने का प्रयास किया है कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड को नई नीतियों, नए अवसरों और विकास की नई प्राथमिकताओं से जोड़ने का काम किया गया है। अब इन उपलब्धियों की असली कसौटी इनका निरंतर जमीनी असर और आम जनता का अनुभव होगा।

