देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने युवाओं के भविष्य, महिलाओं के सम्मान और पारदर्शी प्रशासन को अपनी प्राथमिकताओं के केंद्र में रखा है। रोजगार से लेकर महिला सशक्तिकरण तक सरकार के फैसले प्रदेश में एक नई कार्यसंस्कृति और मजबूत इच्छाशक्ति का संदेश दे रहे हैं। खासकर सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता स्थापित करने और नकल माफिया पर प्रभावी कार्रवाई को धामी सरकार की बड़ी उपलब्धियों के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सपना साकार करते हुए सरकार अब तक 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है। यह उपलब्धि केवल नियुक्तियों का आंकड़ा नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों की उम्मीदों और युवाओं की मेहनत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार, नकल और बिचौलियों के प्रभाव से मुक्त करने के लिए उठाए गए कदमों ने युवाओं में व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत करने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिस संकल्प के साथ प्रदेश में निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में काम शुरू किया था, उसे परिणामों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर अवसर मिले तथा किसी भी युवा को अपने अधिकार के लिए सिफारिश या दलालों का सहारा न लेना पड़े।
धामी सरकार की विकास यात्रा का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण है। ‘बैणी-भुली योजना’ के माध्यम से प्रदेश की बहनों के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि जब मातृशक्ति आर्थिक रूप से मजबूत होगी, तभी परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति को नई गति मिलेगी।
महिलाओं के हित में उठाए जा रहे कदमों को लेकर राजनीतिक विरोध के बावजूद सरकार अपने संकल्प पर कायम है। महिला सशक्तिकरण को केवल नारों तक सीमित न रखकर योजनाओं और निर्णयों के माध्यम से आगे बढ़ाना धामी सरकार की प्राथमिकता के रूप में सामने आया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की खासियत यह है कि सरकार युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सम्मान और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे विषयों को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। एक ओर युवाओं को निष्पक्ष अवसर देने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं, लेकिन 36 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां और महिला सशक्तिकरण की पहल धामी सरकार के कामकाज के महत्वपूर्ण पहलू हैं। उत्तराखंड में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली ने सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया है।
धामी सरकार ने विकास और सुशासन को दी नई पहचान

