देहरादून। देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में सुबह सड़क क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संबंधित विभागों ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर सड़क की मरम्मत पूरी कर आवागमन सुचारु कर दिया।
तेजी से हुई इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि सरकार की त्वरित कार्यशैली के कारण आमजन को लंबे समय तक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा या किसी भी आपात स्थिति में बिना समय गंवाए राहत एवं पुनर्बहाली के कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
नंदा की चौकी में रिकॉर्ड समय में सड़क बहाल होने को सरकार की त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी सुशासन का उदाहरण माना जा रहा है। राज्य सरकार का कहना है कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही उसकी कार्यशैली की पहचान है।

