देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित जगमोहन सेठी स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता में पत्रकारों ने कोर्ट पर जमकर पसीना बहाया। सोमवार को प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ इसका समापन हुआ। एकल वर्ग में मोहित बेंजवाल ने खिताब अपने नाम किया, जबकि युगल वर्ग में सुमन सेमवाल और अजय राणा की जोड़ी चैंपियन बनी। विजेताओं को मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश सेठी ने ट्राफी देकर सम्मानित किया।
एकल वर्ग के फाइनल में मोहित बेंजवाल ने संजय घिल्डियाल को करीबी मुकाबले में हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। वहीं, युगल वर्ग के खिताबी मुकाबले में सुमन सेमवाल और अजय राणा की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहित बेंजवाल और संजय घिल्डियाल की जोड़ी को लगातार दो सेट में शिकस्त दी। सोबन सिंह गुसाईं और विजय जोशी की जोड़ी ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। सोमवार को खेले गए एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में संजय घिल्डियाल ने सोबन गुसाईं को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मोहित बेंजवाल ने अजय राणा को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल में मोहित बेंजवाल और संजय घिल्डियाल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मोहित ने करीबी जीत दर्ज कर एकल वर्ग की ट्राफी अपने नाम की।
*खेलकूद से फिटनेस बनाए रखने का मिला संदेश*
समापन समारोह में मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश सेठी ने कहा कि पत्रकारों के लिए आयोजित यह खेल प्रतियोगिता शानदार रही। रोजमर्रा की भागदौड़ और कार्य की व्यस्तता के चलते पत्रकारों को खेलकूद एवं फिटनेस संबंधी गतिविधियों के लिए समय निकालना मुश्किल होता है। ऐसे में अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी पत्रकार बधाई के पात्र हैं।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा और महामंत्री योगेश सेमवाल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब की ओर से समय-समय पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, ताकि सदस्यों को फिटनेस बनाए रखने के साथ अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
*जल्द होगी क्रिकेट प्रतियोगिता*
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने बताया कि क्लब की ओर से जल्द ही क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां पत्रकारों को कार्य की व्यस्तता के बीच खेल और स्वास्थ्य के लिए समय निकालने का अवसर देती हैं। समापन कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि मुख्य बास्केटबॉल कोच दिनेश असवाल और समाजसेवी अनिल डंगरियाल भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य हरीश थपलियाल सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

