चमोली। निजमुला सप्तकुंड घाटी में उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब जिला सहकारी बैंक चमोली-रुद्रप्रयाग के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत अपने गृह क्षेत्र पहुंचे। दूसरी बार जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पगुच्छों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्राम प्रधान व्यारा राजेंद्र फर्स्वाण की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारी समितियों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह में सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार बनाने और गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर चर्चा हुई। साथ ही ग्रामीणों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी की बात कही।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता का उद्देश्य केवल बैंकिंग व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से गांवों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करते हुए ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीणों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं को सहकारिता से जोड़ना प्राथमिकता होगी। बैंक की विभिन्न ऋण एवं लाभकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्हें गांवों में ही व्यवसाय और रोजगार स्थापित करने के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रघुबीर सिंह बिष्ट ने गजेंद्र रावत के दूसरी बार जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष निर्वाचित होने पर क्षेत्रवासियों की ओर से बधाई देते हुए कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़कर गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रधान संगठन चमोली मोहन नेगी, सुरेंद्र गड़िया, व्यारा ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र फर्स्वाण, पूर्व प्रधान बृज कुमार, ग्राम प्रधान मोली भगत सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपा राणा, सेजी क्षेत्र पंचायत सदस्य संगीता देवी, सुंदर फर्स्वाण, गुड्डू बिष्ट, प्रकाश बिष्ट, सौरभ सेंजवाल, सेजी ग्राम प्रधान सुरेंद्र लाल, गोना समिति अध्यक्ष संगीता देवी, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, ग्राम प्रधान पगना देवकी देवी, वन पंचायत सेजी की रुचि देवी तथा उपप्रधान निजमुला राहुल बिष्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सहकारिता को मजबूत करने, गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को धरातल पर साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
सहकारिता से गांवों की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती: गजेंद्र रावत

