
देहरादून। शिव शक्ति जन कल्याण समिति, नेगी कॉलोनी अपर तुनवाला (वार्ड नंबर-3) द्वारा 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व शिव मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन समिति के अध्यक्ष बी.एस. भंडारी, उपाध्यक्ष अशोक सिंह नेगी एवं श्रीमती रानी रमोला, महासचिव विनोद जोशी, कोषाध्यक्ष प्रीतम सिंह नेगी तथा समिति की समस्त कार्यकारिणी के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 25 बाल कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं, जिन्हें उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। इसके अलावा कॉलोनी की नारी शक्ति द्वारा भक्ति भाव से ओतप्रोत कीर्तन एवं भजन प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के सचिव एल.पी. कैलखुरा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के पार्षद अनिल छेत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
समिति के अध्यक्ष बी.एस. भंडारी ने अपने संबोधन में नेगी कॉलोनी के विकास और शिव मंदिर के प्रति समिति के मिशन एवं विजन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समिति का लक्ष्य नेगी कॉलोनी को एक आदर्श एवं स्मार्ट कॉलोनी के रूप में विकसित करना है।
वहीं, समिति के सचिव विनोद जोशी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना है। भविष्य में भी समिति द्वारा सामाजिक, धार्मिक एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष अशोक सिंह नेगी ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

