पौड़ी गढ़वाल। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण विकास कार्य के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत स्वीकृत वीरोंखाल ब्लॉक की खलधार–ठांगा सड़क का आज विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। चौबट्टाखाल के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांगों में शामिल थी। बताया गया कि गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के सतत प्रयासों और केंद्र सरकार के समक्ष लगातार की गई पैरवी के फलस्वरूप इस सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृति मिली। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पौड़ी भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए सांसद अनिल बलूनी और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और क्षेत्र के कई गांवों को सीधे लाभ मिलेगा। साथ ही आपातकालीन सेवाओं, विद्यार्थियों और किसानों के लिए आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो जाएगा।
भूमिपूजन के साथ ही क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है। लोगों ने विश्वास जताया कि सड़क निर्माण समयबद्ध ढंग से पूरा होगा और इसका लाभ आने वाले वर्षों तक क्षेत्र की जनता को मिलेगा।

