हल्द्वानी। हल्द्वानी में भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिँह ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी न केवल बेहतरीन नेतृत्व कर रहे हैं, बल्कि हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब मुख्यमंत्री बैटिंग करते हैं तो पिच पर टिकना भी जानते हैं और चौके-छक्के लगाना भी। वहीं जब वे बॉलिंग करते हैं तो बड़े-बड़े खिलाड़ियों के विकेट गिराना भी जानते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अब तक उन्हें धाकड़ धामी कहा जाता था, लेकिन आज से उन्हें धुरंधर धामी के नाम से जाना जाना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और वे लगातार प्रगति की नई मिसाल पेश कर रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों में मजबूती से काम कर रही है, जिससे उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री को ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत उत्तराखंड की महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक वस्त्र और माँ नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति भेंट की गई।
इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड राज्य विकास प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
सभा में उमड़ी भारी भीड़ और जनता के समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2027 में भी उत्तराखंड की जनता भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताएगी और विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट , अजय टमटा और अजय भट्ट सहित कई मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

