Header Banner
ताज़ा ख़बरें

ब्लॉक सभागार नारायणबगड़ में पहली बार सजी भव्य होली, पारंपरिक गीतों से झूमा क्षेत्र

भूपेन्द्र रौतेला
नारायणबगड़। एकादशी के पावन अवसर पर नारायणबगड़ स्थित ब्लॉक सभागार में पहली बार भव्य एवं दिव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रमुख गणेश चंदोला के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्रभर से आए होल्यारों ने पारंपरिक नृत्य और होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को रंगमय बना दिया।
कार्यक्रम में बधाणी सांस्कृतिक संस्था द्वारा सुमधुर होली गायन प्रस्तुत किया गया। संस्था के मुख्य गायक प्रेमचंद्र देवराड़ी एवं उनकी टीम ने “ऐगे फागुन मास खेला होरि”, “मत मारो मोहन लाला पिचकारी” और “खोला किवाड़ चलो मठ भीतर” जैसे पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
वहीं डूँगरी ग्राम पंचायत की महिलाओं ने बाजार क्षेत्र में मौल्यार गीत गाकर समा बांध दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोकसंस्कृति की झलक ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, ज्येष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेठ संजू नेगी, नीरज, संदीप पटवाल, नरेंद्र रावत, मोनू सती, कुशलानंद, गंभीर परिहार, वीरेंद्र (वीरू) बिष्ट, महिला मंगल दल डूँगरी, जयपाल बूटोला, सी.एस. नेगी, देवेंद्र बूटोला, उषा रावत, रेवती रावत, मृत्युंजय परिहार और योगेंद्र खत्री सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
समारोह के अंत में प्रमुख गणेश चंदोला ने सभी उपस्थित जनों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता और पारंपरिक विरासत को सहेजने का माध्यम हैं।
ब्लॉक सभागार में पहली बार आयोजित इस भव्य होली मिलन समारोह ने क्षेत्रवासियों को सांस्कृतिक रंगों में रंगते हुए एक नई परंपरा की शुरुआत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!