नई दिल्ली। गढ़वाल सांसद व भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार संसद की कार्यवाही बाधित कर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि राहुल गांधी सदन में चर्चा नहीं, बल्कि टकराव और अव्यवस्था चाहते हैं।
श्री बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में बार-बार बोलने का अवसर दिया गया, बावजूद इसके वे चर्चा से बचते रहे। राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान किया गया व्यवधान न केवल सदन की अवमानना है, बल्कि देश की प्रथम आदिवासी महिला राष्ट्रपति का भी अपमान है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि बजट जैसी गंभीर और महत्वपूर्ण चर्चाओं से भागना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। सदन में काग़ज़ फाड़ना, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भाषण में व्यवधान डालना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास न तो ठोस मुद्दे हैं और न ही जनहित से जुड़ा कोई दृष्टिकोण।
भाजपा सांसद ने कहा कि संसद की गरिमा को बार-बार ठेस पहुँचाने वाली कांग्रेस पार्टी आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है, जो स्वयं एक बड़ा विरोधाभास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ और प्रोपेगेंडा की राजनीति के सहारे देश को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
श्री बलूनी ने कांग्रेस द्वारा चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ हुए समझौते (MoU) का ज़िक्र करते हुए कहा कि जो पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े ऐसे समझौते करती है, उसे देश की संप्रभुता और सेना पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं और विदेशी ताकतों से देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करते हैं, जो उनके वैचारिक दिवालियेपन और गैर-जिम्मेदार राजनीति को उजागर करता है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि संसद की मर्यादा, लोकतंत्र और देश की प्रतिष्ठा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का माकूल जवाब देगी।
राहुल गांधी की नकारात्मक राजनीति पर अनिल बलूनी का करारा प्रहार
