बड़कोट। नगर पालिका बड़कोट में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की अगुवाई में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। रक्षाबंधन कार्यक्रम में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की गंगा और यमुना घाटी सहित दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। बहनों ने मनवीर सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की मिठास को साझा किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय महिला संगीत मंडलियों और लोक कलाकारों ने भजन-कीर्तन एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया। प्रसिद्ध लोक गायिका मीना राणा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी देखने को मिली। गंगा और यमुना घाटी से पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं के एकजुट होने से पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह, उल्लास और भाईचारे का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मनवीर सिंह चौहान ने कार्यक्रम में पहुंचीं सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह हिंदू संस्कृति एवं सनातन परंपरा की पहचान है। रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र परंपरा और रिश्ते को संजोए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
चौहान ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर हजारों बहनों का यह संगम सनातन संस्कृति, हमारी परंपराओं और आपसी भाईचारे की मजबूती का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद और सहयोग मिला तो भविष्य में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत, अनुपमा रावत, भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जुगड़ी, मंडल अध्यक्ष अमित रावत, शैलेंद्र कोहली, हरिमोहन चंद, तरवीन सिंह राणा सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन तरवीन सिंह राणा ने किया।
गंगा-यमुना घाटी की बहनों ने मनवीर चौहान को बांधी राखी, बड़कोट में गूंजा भाईचारे का संदेश

