देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सैनिकों, शहीद परिवारों और अग्निवीरों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी।
कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि राज्य सरकार ने अग्निवीरों के चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने के बाद उनके सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अग्निवीरों के पुनर्वास और रोजगार के लिए अलग से ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ गठित करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि इस सेल का उद्देश्य सेना से चार वर्ष की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीर युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल, सैन्य अनुभव और रुचि के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। सेल केंद्र और राज्य सरकार के विभागों, पीएसयू तथा कॉरपोरेट संस्थानों के साथ समन्वय कर अग्निवीरों के लिए रोजगार की संभावनाएं तलाशेगा।
कर्नल कोठियाल ने बताया कि अग्निवीरों को रोजगार से संबंधित विभिन्न सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए ‘सिंगल विंडो कॉन्सेप्ट’ अपनाया जाएगा। रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और बैंकिंग प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही अग्निवीरों के लिए डिजिटल पोर्टल तैयार करने पर भी काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था पहले ही की है। रोजगार सेल के माध्यम से इस व्यवस्था के साथ-साथ निजी क्षेत्र और स्वरोजगार के अवसरों को भी जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अग्निवीर रोजगार सेल की कार्यप्रणाली की प्रभावी निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी। इसका उद्देश्य अग्निवीरों की रोजगार संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और उन्हें सेवा के बाद बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कर्नल अजय कोठियाल ने कैबिनेट के एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के शहीद सैनिकों की प्रतिमाएं उनके पैतृक गांवों में स्थापित की जाएंगी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड के 13 जिलों में 1,845 शहीद सैनिकों का विवरण है। अब इन शहीदों के गांवों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित कर उनके बलिदान और वीरता को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल प्रतिमाएं स्थापित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहीदों की वीरगाथा और राष्ट्रसेवा की भावना को समाज और युवाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इससे शहीद सैनिकों के परिवारों को भी सम्मान मिलेगा।
कर्नल कोठियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए गए इन निर्णयों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अग्निवीरों के सुरक्षित भविष्य और शहीद सैनिकों के सम्मान की दिशा में यह पहल उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय कदम है।
अग्निवीर रोजगार सेल और शहीदों की प्रतिमाओं को बताया ऐतिहासिक निर्णय:कर्नल

