देहरादून। टर्नर रोड स्थित आशिमा विहार आवासीय कॉलोनी में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाया।
इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण में देशभक्ति एवं उत्साह की छटा बिखेर दी।
कॉलोनी की सचिव एवं भाजपा नेता प्रभा बन्दूनी ने कहा कि आशिमा विहार में हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम सामूहिक सहभागिता के साथ आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों से लेकर युवाओं और वरिष्ठजनों तक सभी लोग बढ़-चढ़कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान देते हैं। यही सामूहिक सहभागिता कॉलोनी की एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करती है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना के साथ हुआ।
आशिमा विहार आवासीय कॉलोनी में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

