रुद्रप्रयाग। मानसून सत्र के दौरान लगातार हो रही भारी बारिश से जिले में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला रुद्रप्रयाग के दशजुला कांडई क्षेत्र और ग्राम पंचायत पोंठी के ह्यूना गांव में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई परिवारों के घरों में मलबा घुस गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भारतीय रेडक्रॉस समिति की जिला शाखा तुरंत सक्रिय हो गई।
भारतीय रेडक्रॉस समिति के राज्य प्रतिनिधि अजय सेमवाल और जिला सचिव जसपाल भारती ने दशजुला कांडई पहुंचकर प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की। वहीं, मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन दीप राज बंगारी और रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य मेहरबान सिंह ने ग्राम पंचायत पोंठी के ह्यूना गांव पहुंचकर प्रभावित लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
रेडक्रॉस समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में संस्था प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। समिति ने आश्वासन दिया कि किसी भी आपदा की स्थिति में रेडक्रॉस की ओर से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य जारी रखे जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने भी समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए रेडक्रॉस समिति का आभार व्यक्त किया।
भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों तक पहुंची रेडक्रॉस की राहत सामग्री

