रामनगर। रामनगर से देहरादून तक बहुप्रतीक्षित सीधी रेल सेवा का शुभारंभ उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक अवसर बन गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी के निरंतर प्रयासों से वर्षों से चली आ रही रामनगर क्षेत्र की जनता की मांग पूरी हुई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रेल सेवा का शुभारंभ नहीं, बल्कि रामनगर और देहरादून के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के साथ विकास के नए द्वार खुलने का अवसर है।
अनिल बलूनी ने कहा कि नई रेल सेवा से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आमजन की यात्रा को नई गति मिलेगी। रामनगर, जो देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन केंद्र है, अब देहरादून से सीधे रेल मार्ग से जुड़ गया है। इससे क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी रामनगर-देहरादून रेल सेवा को उत्तराखंड के लिए विकास की महत्वपूर्ण सौगात बताया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ ही पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और रामनगर-देहरादून सीधी रेल सेवा इसी विकास यात्रा की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर विधायक दीवान सिँह बिष्ट व अरविन्द पांडे मौजूद थे।

