हरिद्वार। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने आज हरिद्वार में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात कर गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान सांसद बलूनी ने लंबे समय से लंबित कोटद्वार–नजीबाबाद सड़क मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। इस पर मंत्री अजय टम्टा ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
सांसद बलूनी ने नजीबाबाद–हरिद्वार मार्ग एवं गुमखाल–सतपुली सड़क मार्ग के निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने की मांग रखी। मंत्री ने इन परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
आगामी मॉनसून को देखते हुए सांसद बलूनी ने विशेष रूप से लैंडस्लाइड जोन में आने वाले सड़क मार्गों की तत्काल जांच कराने तथा जहां मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण कराने की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद अनिल बलूनी ने गढ़वाल की जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा का आभार व्यक्त किया।
कोटद्वार–नजीबाबाद मार्ग निर्माण में आएगी तेजी, सांसद बलूनी के आग्रह पर मंत्री ने दिए निर्देश

