रामपुर मंडी। उत्तराखंड वन विभाग को 42 नई महिला वन आरक्षियों के रूप में प्रशिक्षित कर्मियों की नई टीम मिली है। वानिकी प्रशिक्षण केंद्र, रामपुर मंडी में प्रशिक्षण वर्ष 2026 के प्रथम सत्र के बैच संख्या-111 का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के 22 वन प्रभागों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 42 महिला वन आरक्षियों ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा किया।
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक, गढ़वाल धीरज पाण्डे और विशिष्ट अतिथि वन संरक्षक, यमुना वृत्त राजीव धीमान रहे। अतिथियों ने नवप्रशिक्षित वन आरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और जनसहभागिता आधारित वन प्रबंधन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मुख्य वन संरक्षक धीरज पाण्डे ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद अब सभी महिला वन आरक्षियों के सामने वन संरक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए विभाग की गरिमा को और मजबूत करने का आह्वान किया।
वहीं, वन संरक्षक राजीव धीमान ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और तकनीकी दक्षता का उपयोग क्षेत्रीय कार्यों में प्रभावी ढंग से करने को कहा। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वन संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
समारोह में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी चकराता वन प्रभाग वैभव कुमार सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी विभु, अनुदेशक आनंद सिंह रावत सहित वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग को मिली 42 नई महिला वन आरक्षी, रामपुर मंडी में बैच-111 का दीक्षांत समारोह संपन्न

