चमोली। पुलिस ने 10 मार्च को लंगासू पुलिस चौकी क्षेत्र में अलकनंदा नदी से मिले युवक के शव के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी नरेंद्र तोपाल को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर सीज कर दिया है। इस सफल कार्रवाई पर आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने पुलिस टीम को 5 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
एसपी चमोली सुरजीत पंवार ने कर्णप्रयाग थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक सूरज पुरोहित बमोथ गांव का निवासी था और नंदप्रयाग में आरोपी नरेंद्र तोपाल के होटल में काम करता था। आरोपी ने सूरज से 10 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी को नरेंद्र तोपाल ने नंदप्रयाग स्थित एक कमरे में सूरज के सिर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसे एक सफेद बैग में बांधकर अलकनंदा नदी में फेंक दिया।
10 मार्च को लंगासू क्षेत्र के पास नदी में एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान हाथ पर लिखे “सूरज पुरोहित” नाम से की गई। 23 मार्च को मृतक की पत्नी की शिकायत पर कर्णप्रयाग थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक कर्णप्रयाग तहसील के बमोथ गांव का निवासी था, जबकि आरोपी नंदप्रयाग के सरतोली का रहने वाला है। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
अलकनंदा नदी में मिले युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

