देहरादून। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा अपराह्न 3:00 बजे ‘मेरी योजना’ पुस्तकों के संबंध में एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इन पुस्तकों में राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल भाषा में समाहित किया गया है, जिन्हें व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से राज्य के सभी जनपदों एवं विकासखंडों में वितरित किया गया है।
कार्यक्रम में सचिव, कार्यक्रम क्रियान्वयन ने विभागीय कार्यों की संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि “सरकार जनता के द्वार”, “हमारा संकल्प- अनुशासित प्रदेश” एवं “हमारा संकल्प- भयमुक्त समाज” जैसे शासनादेशों के अंतर्गत जिलों में रोस्टर के आधार पर जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारी गांवों का भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण करते हैं। साथ ही जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण, अपराधों की समीक्षा एवं निस्तारण की प्रक्रिया भी नियमित रूप से की जाती है। मंडलायुक्त स्तर पर भी निरीक्षण टीमों द्वारा योजनाओं की समीक्षा की जाती है।
इसके अतिरिक्त, मंत्रीगण, सचिवगण एवं विशेष कार्याधिकारी भी समय-समय पर क्षेत्रीय भ्रमण कर अपनी आख्या प्रस्तुत करते हैं। विभाग द्वारा विभिन्न विभागों की योजनाओं को एकत्रित कर ‘मेरी योजना’ पुस्तकों का निर्माण किया गया है, जिसमें योजनाओं का नाम, लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवेदन के बाद की कार्यवाही को सरल भाषा में स्पष्ट किया गया है। इन पुस्तकों की प्रतियां जनप्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों, राजकीय पुस्तकालयों एवं जिलास्तरीय कार्यालयों को उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि योजनाओं की जानकारी ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंच सके।
गोष्ठी में महानिदेशक सूचना वशीधर तिवारी ने भी अपने संबोधन में योजनाओं की जानकारी देते हुए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर उप महानिदेशक आकाशवाणी एवं दूरदर्शन एस.के. मीणा, संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह, दूरदर्शन के कार्यक्रम प्रमुख अनिल कुमार भारती सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक वर्षा सिंह द्वारा किया गया। परिचर्चा में दून विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं डीन ममगाई, पूर्व प्राचार्य श्रीमती किरण सूद, अमर उजाला के संपादक अनूप वाजपेयी, न्यूज वायरस नेटवर्क से जनाब सलीम सैफी तथा दिव्य हिमगिरि से कुँवर राज अस्थाना सहित अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।
‘मेरी योजना’ पर मंथन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जरूरत पर जोर

