ताज़ा ख़बरें

जनपद चमोली की बसंती फरस्वाण ने दिलाया उत्तराखण्ड को स्वर्ण पदक

भूपेंद्र रोतेला

चमोली। जनपद चमोली के राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़ में कार्यरत पी.टी.आई. बसंती फरस्वाण ने ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देवभूमि उत्तराखण्ड सहित पूरे देश का नाम रोशन किया है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता केन्द्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक क्रीड़ा बोर्ड, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा बिहार सचिवालय स्पोर्ट्स फाउंडेशन, पटना द्वारा आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 15 दिसंबर 2025 तक बिहार की राजधानी पटना में किया गया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित रिले रेस में उत्तराखण्ड महिला टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस टीम का हिस्सा रहीं बसंती फरस्वाण के इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन से न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे देश में राज्य की खेल प्रतिभा को नई पहचान मिली है।

बसंती फरस्वाण मूल रूप से कडाकोट पट्टी के फरस्वाणकोट गांव, ग्राम सभा डूंगरी की निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पिंडर घाटी क्षेत्र सहित पूरे जनपद चमोली में हर्ष और गर्व का वातावरण है। स्थानीय लोगों, शिक्षण संस्थानों और खेल प्रेमियों ने उनकी इस सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।

क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि बसंती फरस्वाण की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और उत्तराखण्ड की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक चमकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!