ताज़ा ख़बरें

डॉ. धन सिंह रावत का श्रीनगर-पौड़ी को पर्यटन हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम 

देहरादून। श्रीनगर-पौड़ी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर-पौड़ी प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण है, जिसे पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाएगा।

डॉ. रावत ने अपने शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में पर्यटन विभाग, संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में अनछुए पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की सुगम पहुंच, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया।
मंत्री ने थलीसैण, खिर्सू एवं पाबों विकासखंड में हेलीपैड निर्माण कर पर्यटकों के लिए हेली सेवाएं शुरू करने हेतु ठोस योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कमलेश्वर, धारी देवी, देवलगढ़, खिर्सू एवं कंडोलिया (पौड़ी) पर्यटन सर्किट के विकास कार्यों में तेजी लाने, मार्गों को सुदृढ़ करने और सुविधाओं का विस्तार करने को कहा।
उन्होंने धारी देवी मंदिर के मुख्य मार्ग पर सुरक्षा दीवार निर्माण, पैठाणी स्थित राहु मंदिर तथा थलीसैण स्थित विनसर मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। डॉ. रावत ने कहा कि पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र को जल्द ही एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रोहिल्ला, जीएमवीएन के महाप्रबंधक पीयूष सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जनपद स्तरीय अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!