बदरीनाथ धाम। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों का विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दो सप्ताह से चल रहा धरना मंगलवार को बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। कर्मचारियों ने उनकी मांगों के समयबद्ध समाधान के आश्वासन पर सहमति जताते हुए धरना समाप्त करने की घोषणा की और सहयोग के लिए बीकेटीसी अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
श्री बदरीनाथ धाम में आयोजित वार्ता के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों की अनदेखी नहीं की जाएगी और नियमानुसार उनका समुचित समाधान करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अस्थायी कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को बीकेटीसी कार्यालय ऋषिकेश में हुई बैठक में अस्थायी कर्मचारियों की मांगों पर विचार के लिए उपसमिति का गठन किया गया था। उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में गठित उपसमिति कर्मचारियों की वन टाइम सेटलमेंट, समान कार्य-समान वेतन और सम्मानजनक वेतन वृद्धि से संबंधित मांगों पर विचार करेगी। उपसमिति को 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। इसके बाद मांगों के समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कर्मचारियों के हित में वन टाइम सेटलमेंट की घोषणा के क्रम में मंदिर समिति और शासन स्तर पर प्रक्रिया विचाराधीन है। साथ ही, बीकेटीसी बोर्ड की 22 मार्च 2025 की बैठक की कार्यवाही के अनुरूप वेतन निर्धारण के लिए नीति तैयार की जा रही है। इन आश्वासनों के बाद कर्मचारियों ने सहमति जताते हुए आंदोलन समाप्त कर दिया।
वार्ता में बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, वरिष्ठ सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, सदस्य राकेश भंडारी तथा मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
भगवान बदरीविशाल के दर्शन के बाद यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण
अस्थायी कर्मचारियों से वार्ता से पहले बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने धाम में चल रही यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा का संचालन बेहतर ढंग से किया जा रहा है।
बीकेटीसी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस यात्रा सीजन में अब तक श्री बदरीनाथ धाम में 21,33,616 और श्री केदारनाथ धाम में 18,34,857 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों में कुल 39,68,473 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि चारधाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 62 लाख तक पहुंच गई है। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राजदीप सनवाल और राजेश नंबूदरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, अस्थायी कर्मचारियों की ओर से वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया, राजेंद्र पुरोहित, रत्नेश पंवार, मोहन राणा, इंदु देवी, योगिता चौहान और हरीश बिष्ट सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।

