भूपेंद्र रोतेला
चंडीगढ़। राठ त्रिपटी विकास समिति द्वारा गढ़वाल भवन, चंडीगढ़ में 17वीं बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड के शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
शिविर में कुल 146 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन को बचाने की छोटी-सी कोशिश है। उन्होंने राठ त्रिपटी विकास समिति द्वारा लगातार 17वीं बार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने को समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया।
मंत्री ने कहा कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य समाज में मानवीय संवेदनाओं और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। समिति के प्रधान, महासचिव एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा निरंतर इस तरह के आयोजन किया जाना अपने आप में ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल है।
शिविर में युवा मंच के प्रधान ने 49वीं बार रक्तदान कर सामाजिक सेवा की मिसाल पेश की। उनके इस योगदान की भी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उत्तराखंड मूल के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और रक्तदाता मौजूद रहे। आयोजन ने चंडीगढ़ में उत्तराखंड की सामाजिक एकजुटता और सेवा भावना की एक मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की।
राठ त्रिपटी विकास समिति ने 17वीं बार लगाया रक्तदान शिविर, 146 यूनिट रक्त एकत्रित

