भूपेंद्र रोतेला
नारायणबगड़। सिमली (बधाण) के चन्द्रकोट स्टेडियम में आयोजित त्रिनेत्री क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सणकोट और सिमली टीम के बीच खेला गया, जिसमें सणकोट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि सिमली को उपविजेता संतोष करना पड़ा।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सणकोट की टीम ने 20 ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 4 विकेट खोकर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सणकोट की ओर से गोपी ने शानदार 63 रन बनाए, वहीं विनीत ने 34 रन, पवन रौतेला ने 25 रन और अशोक ने नाबाद 39 रनों का योगदान दिया।
209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिमली की टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम मात्र 80 रनों पर सिमट गई। सिमली के अधिकांश बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। सणकोट की ओर से प्रवीन चौहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस टूर्नामेंट में सिमली के सुनील रावत को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष दलीप नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कमलेश सती, संचार माध्यम से लक्ष्मण रावत (उपाध्यक्ष) शामिल रहे। इसके अलावा ग्राम प्रधान संजू देवी (सिमली), पूर्व प्रधानाचार्य चन्द्र सिंह नेगी, पं. मोहन प्रसाद सती, राम प्रसाद सती, हरेन्द्र बुटोला, जयपाल बुटोला, दर्शन नेगी, किशन नेगी, अंपायर देवेंद्र रावत, विक्रम नेगी तथा महिला मंगल दल सिमली की उपस्थिति रही।
मैच कमेटी द्वारा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।
