नारायणबगड़ में द्विदिवसीय उतरायणी मेले का भव्य समापन

भूपेन्द्र रौतिला

चमोली। नारायणबगड़ में आयोजित द्विदिवसीय ऐतिहासिक उतरायणी मेले का समापन बड़े हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समापन दिवस के पावन अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चमोली जिला अध्यक्ष माननीय दौलत बिष्ट रहे। उनके साथ नगर पंचायत कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवा नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में छेकुड़ा वार्ड से जिला पंचायत सदस्य सुरेन्द्र कनेरी, विनायक वार्ड से जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, कोठली वार्ड से जिला पंचायत सदस्या साक्षी नेगी तथा कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ. जीत राम शामिल रहे।
सांस्कृतिक संध्या में बांसुरी वादक एवं प्रसिद्ध लोकगायक कुंदन बिष्ट ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया। इसके पश्चात लोकगायिका मृणाल रतूड़ी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। महिला मंगल दलों द्वारा प्रस्तुत झूमेलो, चांचड़ी, पारंपरिक लोकगीत एवं रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों ने मेले की शोभा को और बढ़ाया। यह कौथिग नारायण भूमि की समृद्ध लोकसंस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं को संजोने का सजीव उदाहरण बना।
मुख्य अतिथि माननीय दौलत बिष्ट ने अपने संबोधन में छेकुड़ा वार्ड, विनायक वार्ड एवं नारायणबगड़ क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 65 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने महिला शक्ति, मेला समिति एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मान चिन्ह भी भेंट किए।
समापन अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष भरत नेगी एवं प्रमुख गणेश चंदोला (नारायणबगड़) द्वारा सभी अतिथियों, कलाकारों, महिला मंगल दलों और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उतरायणी मेला न केवल सांस्कृतिक उत्सव रहा, बल्कि एकता, परंपरा और विकास की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन भी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!