देहरादून। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मानवीर चौहान ने नई पहल की है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा से मुलाकात कर चिन्यालीसौड़ और नौगांव विकासखंडों के महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के चौड़ीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
मानवीर चौहान ने कहा कि यमुनोत्री विधानसभा के कई प्रमुख मार्ग आज भी संकरे होने के कारण स्थानीय जनता को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों के साथ विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और पर्यटक आवाजाही करते हैं।
उन्होंने धरासू-मणी-कुमारडा-स्यांसु पुल, बड़ेथी-बंचौरा-बद्री गाड़ तथा पोंटी पुल-गडोली-राजगढ़ी-सरनौल मार्गों के चौड़ीकरण को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बेहतर होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ पर्यटन, कृषि, व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि यमुनोत्री विधानसभा के समग्र विकास के लिए सड़क संपर्क को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।
यमुनोत्री विधानसभा में सड़क कनेक्टिविटी को लेकर मानवीर चौहान की पहल

