देहरादून। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के लंबे समय से किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। आगामी 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है। इस नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।
रामनगर, जिसे कॉर्बेट सिटी के नाम से भी जाना जाता है, के लोग लंबे समय से देहरादून के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे। अब इस मांग के पूरी होने से स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से कॉर्बेट नेशनल पार्क आने वाले देश-विदेश के पर्यटक भी इस सीधी रेल सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इस नई सेवा से देहरादून में सरकारी, व्यावसायिक और निजी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने पर इसे सप्ताह में चार या पाँच दिन तक संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद अनिल बलूनी ने रामनगर क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र को एक के बाद एक विकास की सौगात मिल रही है। धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद अब सीधी रेल सेवा शुरू होना क्षेत्र के विकास और पर्यटन को नई गति देने वाला कदम साबित होगा।

