नारायणबगड़। चमोली जनपद के विकासखंड नारायणबगड़ के पालछूनी गांव की बेटी डॉ. आस्था बिष्ट ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट डॉक्टर के पद पर नियुक्त होकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
वरिष्ठ पत्रकार भूपेन्द्र रौतेला ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. आस्था बिष्ट ने नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी), पुणे से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना की मेडिकल सेवा में शामिल होकर लेफ्टिनेंट डॉक्टर के रूप में देश सेवा का दायित्व संभाला।
डॉ. आस्था बिष्ट का परिवार भी लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता अशोक सिंह बिष्ट भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में कार्यरत हैं, जबकि उनके दादा दुर्लभ सिंह बिष्ट पूर्व सैनिक हैं। उनके बड़े भाई आर्यन बिष्ट आईआईटी रुड़की से एमटेक करने के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं।
भूपेन्द्र रौतेला ने कहा कि डॉ. आस्था बिष्ट की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड और विशेष रूप से पहाड़ की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आस्था के माता-पिता अशोक सिंह बिष्ट और विमला बिष्ट को बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कार, शिक्षा और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि उनके दोनों बच्चे देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
डॉ. आस्था बिष्ट की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
चमोली की बेटी डॉ. आस्था बिष्ट भारतीय सेना में बनीं लेफ्टिनेंट डॉक्टर, क्षेत्र में खुशी की लहर

