कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने शनिवार को कोटद्वार–किशनपुरी–चिल्लरखाल मार्ग पर तेली स्रोत नदी के ऊपर लगभग 2.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 मीटर स्पान डबल लेन पुल का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
लोकार्पण के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हजारों लोगों के सुरक्षित, सुगम और वर्षभर निर्बाध आवागमन का मजबूत आधार है। पुल के निर्माण से किशनपुर, त्रिलोकपुर, लोकमणिपुर, रामदयालपुर, हल्दुखाता, मनदेवपुर, दलीपपुर सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन की समस्याओं से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कोटद्वार विधानसभा के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क, पुल और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों के सहयोग, विश्वास और स्नेह के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही विकास की यह यात्रा आगे बढ़ रही है। पुल के लोकार्पण से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोगों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
ऋतु भूषण खंडूरी ने कोटद्वार को दी बड़ी सौगात, ₹2.37 करोड़ के डबल लेन पुल का किया लोकार्पण

