चमोली। निजमूला-गौणा-पाणा-ईराणी मोटर मार्ग पर झींझी गधेरे (बिरही गंगा) में निर्माणाधीन मोटर पुल का कार्य वर्षों से अधूरा पड़े होने से क्षेत्रीय जनता में भारी नाराजगी है। भाजपा नेता रघुवीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर पुल निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा वैकल्पिक बाईपास मार्ग के सुधारीकरण की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि पीएमजीएसवाई निर्माण खंड पोखरी द्वारा वर्ष 2019 में झींझी गधेरे पर मोटर पुल निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी पुल के केवल एबटमेंट ही तैयार हो पाए हैं। निर्माण कार्य अधूरा रहने से क्षेत्र के लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पुल निर्माण पूरा न होने के कारण लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक बाईपास मार्ग बनाया गया है। बरसात के दौरान इस मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो जाती है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इसके चलते क्षेत्र के अंतिम चार गांवों के मुख्य सड़क संपर्क से कटने का खतरा बना रहता है।
भाजपा नेता रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि मानसून नजदीक है और यदि समय रहते बाईपास मार्ग पर नालियों का निर्माण तथा आवश्यक सुधारीकरण नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से पुल निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद जिलाधिकारी चमोली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन दिन के भीतर स्वयं मौके का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी के इस आश्वासन से क्षेत्रवासियों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
ज्ञापन पर पूर्व प्रधान मोहन सिंह नेगी, पूर्व प्रधान बृजलाल, भाजपा मंडल महामंत्री भरत सिंह राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य करण सिंह, प्रधान झींझी मोहन सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि विनोद लाल, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र सिंह गड़िया, प्रधान गौणा सुनीता देवी, प्रधान गाड़ी मन्दोदरी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा नेगी तथा ग्राम प्रधान ईराणी दीया देवी सहित कई जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुल निर्माण और बाईपास सुधारीकरण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
अधूरे पुल और बदहाल बाईपास पर जिलाधिकारी सख्त, तीन दिन में करेंगे निरीक्षण

