देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल अग्निकांड प्रकरण में गिरफ्तार उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी के मामले में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में सांसद अनिल बलूनी ने आज केशव नेगी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहयोग और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान सांसद ने परिजनों को आश्वस्त किया कि न्याय की इस लड़ाई में वह उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
इससे पहले सांसद अनिल बलूनी ने हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ दिल्ली पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। दोनों सांसदों ने अधिकारियों से आग्रह किया था कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाए और केशव नेगी के पक्ष को भी गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने प्रथम दृष्टया केशव नेगी को निर्दोष बताते हुए किसी भी प्रकार के जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने से बचने की बात कही थी।
सांसद बलूनी ने कहा कि कानून पर सभी का विश्वास बना रहना चाहिए और जांच तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर केशव नेगी और उनके परिवार को हर संभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी सांसद की इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधि के इस हस्तक्षेप से मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है। सांसद अनिल बलूनी की सक्रियता को उत्तराखंड के नागरिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और न्याय के प्रति विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
केशव नेगी के परिवार से मिले सांसद अनिल बलूनी, निष्पक्ष जांच और न्याय का दिलाया भरोसा

