देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आधुनिक भारत के निर्माता एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गाँधी के शहादत दिवस पर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, देहरादून में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान “राजीव गांधी अमर रहें” और जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी भारत में सूचना क्रांति के जनक थे। उन्होंने देश को आधुनिक तकनीक और आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ाया तथा भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाने और लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से पंचायतों को मजबूत करने की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के माध्यम से पंचायतों को अधिक अधिकार संपन्न बनाया गया। उन्होंने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उनका 21वीं सदी के भारत का सपना आज साकार हो चुका है।
प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिँह रावत ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई क्रांति का सूत्रपात किया। साथ ही पंचायतों की स्वायत्तता और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मतदान का अधिकार देकर राजीव गांधी ने लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, राजेंद्र शाह, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, सुरेंद्र रांगड़, अजय सिंह, अभिनव थापर, लालचंद शर्मा, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, अमेंद्र सिंह बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, सुलेमान अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजीव गांधी के शहादत दिवस पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, गोदियाल बोले, सूचना क्रांति के जनक थे राजीव गांधी

