देहरादून। कभी-कभी सत्ता से बड़ा संवेदनशील होना ज़रूरी होता है। आज ऋषिकेश–श्रीनगर मार्ग पर ऐसा ही एक मानवीय पल देखने को मिला, जब चलते काफिले के दौरान सड़क हादसा देख उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बिना देर किए अपना काफिला रुकवाया और घायल युवक की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की।
देहरादून से श्रीनगर की ओर जाते समय सिंगटाली के समीप मंत्री की नजर एक सड़क दुर्घटना पर पड़ी, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार युवक संतुलन खोकर सड़क किनारे पत्थर से टकरा गया और घायल हो गया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने तुरंत काफिला रुकवाया और स्वयं घायल युवक के पास पहुंचकर उसका हाल-चाल जाना। प्राथमिक जांच में युवक की हालत सामान्य पाई गई।
सतर्कता बरतते हुए मंत्री ने एहतियातन एम्बुलेंस सेवा को स्वयं फोन कर सूचना दी, हालांकि युवक ने खुद को सुरक्षित बताते हुए अपने साथी के साथ अस्पताल जाकर इलाज कराने की इच्छा जताई। युवक के सुरक्षित रूप से उपचार के लिए रवाना होने की पुष्टि करने के बाद ही स्वास्थ्य मंत्री ने आगे की यात्रा जारी की।
यह घटना बताती है कि सच्चा जनसेवक वही है, जो ज़रूरत के वक्त इंसानियत को प्राथमिकता दे।
डॉ. धन सिंह रावत का यह मानवीय कदम लोगों के दिलों में भरोसा और संवेदना दोनों छोड़ गया।
