नई कार के तीन टायर चोरी, क्षेत्र में बढ़ती वारदातों से दहशत

भूपेंद्र रोतेला
नारायणबगड़। नारायणबगड़ क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम जनता और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। सोमवार रात्रि अज्ञात चोरों ने परखाल तिराहे के समीप वन विभाग के नवनिर्माणाधीन भवन के पास खड़ी एक नई कार के तीन टायर चोरी कर लिए।

मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोग सैर के लिए निकले तो उन्होंने देखा कि कार पत्थरों के सहारे खड़ी है। इस पर वाहन स्वामी को सूचना दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलकनंदा वन प्रभाग में कार्यरत कर्मचारी विनोद टम्टा (सुपुत्र बलबीर टम्टा), स्थायी निवासी ग्राम भगोती, नारायणबगड़ ने अक्टूबर माह में एक नई ऑल्टो कार (संख्या UK11B-9415) खरीदी थी। उन्होंने वाहन को अपने नवनिर्माणाधीन कार्यालय के बाहर परखाल तिराहे के समीप पार्क किया था। सोमवार रात अज्ञात चोर गाड़ी के तीनों नए टायर निकालकर फरार हो गए और वाहन को पत्थरों के सहारे छोड़ दिया। पीड़ित वाहन स्वामी विनोद टम्टा ने इस संबंध में थाना थराली में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है।
इधर, व्यापार मंडल अध्यक्ष जयबीर कंडारी ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि नारायण बाजार क्षेत्र में इससे पहले भी दिनदहाड़े एक व्यापारी के गल्ले से दो लाख रुपये की चोरी सहित कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अब चोर खड़ी गाड़ियों के टायर तक चोरी करने लगे हैं, जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!