परिवर्तन का शोर बेअसर, धामी के नेतृत्व में स्थिर उत्तराखंड

परिवर्तन की अफवाह फैलाने वालों की उड़ेगी नींद

हरीश चमोली

एक ओर जहां आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन की ताजपोशी हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड की राजनीति में तथाकथित परिवर्तन को लेकर फैलाया जा रहा शोर पूरी तरह निराधार साबित होता नजर आ रहा है। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की अफवाहें फैलाने वाले नेताओं के मंसूबों पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है।
लगातार यह झूठी बातें फैलाई जा रही हैं कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री बदले जाने वाले हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न सिर्फ मजबूती के साथ प्रदेश की कमान संभाले हुए हैं, बल्कि सरकार और संगठन दोनों पूरी एकजुटता के साथ प्रभावी ढंग से काम कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ असंतुष्ट और स्वयं को “परिवर्तन” का वाहक बताने वाले नेता बार-बार “परिवर्तन हो रहा है” जैसे बयान देकर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि धामी सरकार के कार्यों से जनता संतुष्ट है और भाजपा संगठन पूरी मजबूती से मुख्यमंत्री के साथ खड़ा है। विकास योजनाओं का तेजी से धरातल पर उतरना, सख्त और साहसिक फैसले तथा स्पष्ट नेतृत्व धामी सरकार की पहचान बन चुके हैं।
सबसे अहम बात यह है कि केंद्र सरकार भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा धामी पर लगातार कायम है। यही कारण है कि प्रदेश में राजनीतिक स्थिरता और सुशासन बना हुआ है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जब सरकार मजबूत होती है और नेतृत्व प्रभावी होता है, तब ऐसे ही भ्रम और अफवाहें फैलाने की कोशिश की जाती है। लेकिन उत्तराखंड में न तो संगठन में कोई अस्थिरता है और न ही सरकार में। ऐसे में परिवर्तन की बातें करने वालों की नींद उड़ना तय है, क्योंकि मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ही आगे भी प्रदेश का नेतृत्व करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!