नारायणबगड़। थराली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नारायणबगड़ विकासखंड के सभागार में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती के अवसर पर अटल स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष कमलेश सती की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, दर्जाधारी राज्यमंत्री हरक सिंह नेगी, राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष कर्ण सिंह नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशपाल नेगी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष देव सिंह नेगी तथा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष नरेंद्र भारती ने दीप प्रज्वलित कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं प्रदेश राज्य मंत्री बलबीर घुनियाल तथा हिमानी वैष्णवी (महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष) भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के थराली विधानसभा के सभी मंडलों के अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
मंडल अध्यक्ष कमलेश सती ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा देशहित में शुरू की गई योजनाओं एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने अटल जी के जीवन, विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने अटल जी के राष्ट्रवादी विचारों, सुशासन और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने की शपथ ली।
