चमोली। थराली मे सिंचाई खंड मे नियुक्त अस्थाई अभियंता की एसआईटी जांच की मांग को लेकर आंदोलनरत ठेकेदार एसोसिएशन के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी के हवाले से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा।
आंदोलनरत ठेकेदार संघ थराली ने कहा कि राजनैतिक पहुँच के चलते 10 वर्षों से डटे अभियंता के स्थान पर स्थाई अभियंता की नियुक्ति तथा विगत 3 वर्षों की वित्तीय अनियमितताओं की एसआईटी जांच की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि 10 सालों से एक स्थान पर डटे सिंचाई खंड थराली के प्रभारी ईई राजकुमार चौधरी के खिलाफ ठेकेदार संघ और स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मे लोग सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज पर ईई को शह देने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला फूंक कर विरोध जता चुके हैं। उनका कहना है कि यह हास्यास्पद है कि उक्त अधिकारी का स्थानांतरण शिकायत पर दो बार हो चुका है, लेकिन वह फिर सीट पर लौट आते हैं। यह पारदर्शिता पर भी सवाल है। इस दौरान हुए कार्यों की जांच जरूरी है।
