ताज़ा ख़बरें

चोपता चौरीं में मां गिरजा भवानी मेले का पंचम दिवस धूमधाम से संपन्न, जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भर्तवाण की प्रस्तुति पर झूमे हजारों भक्त

भूपेंद्र रोतेला

चमोली।श्री  सिद्धपीठ राज राजेश्वरी गिरजा भवानी चोपता चौरीं में आयोजित दिव्य एवं भव्य मेले का पंचम दिवस आज अद्भुत आस्था और सांस्कृतिक उत्सव का साक्षी बना। पंचमी के पावन अवसर पर भूमिपाल वीर भद्रों के मंदिर में स्वाग एवं पाश्व अवतरण की पौराणिक परंपरा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इसके उपरांत भक्तों ने बीज अंकुर दर्शन कर माता का आशीष प्राप्त किया।

यह विशाल मेला क्षेत्र के नौगांवों कुश, भंगोटा, रैंस, बैथरा, लोदला, सोल्टा, दडूवा/फारखेत, तुनेड़ा, चोपता तथा आल्यूँ, डूँगरी, जुनेर, सणकोट, कोठली व कोल्सों के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है, जो स्थानीय विरासत और लोकसंस्कृति का अनोखा संगम है।

पंचमी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में माननीय बलबीर घुनियाल, गणेश शाह (अध्यक्ष, नगर पालिका कर्णप्रयाग), छेकुड़ा वार्ड जिला पंचायत सदस्य सूरी कनेरी, कोठली वार्ड जिला पंचायत सदस्या साक्षी नेगी सहित अनेक क्षेत्रीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसी के साथ आसपास के सभी ग्रामों के प्रधान, युवा एवं महिला मंगल दलों के सदस्य तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने उपस्थिति दर्ज कर आयोजन को भव्यता प्रदान की।

पंचम दिवस के मुख्य आकर्षण रहे जागर सम्राट, पद्मश्री डॉ. प्रीतम भर्तवाण, जिनके पौराणिक ढोल और मधुर कंठ से निकले जागरों ने पूरा वातावरण भक्तिमय कर दिया। मां गिरजा के जागरों पर श्रद्धालु थिरक उठे और उत्साह-आनंद में झूमते रहे।

सांस्कृतिक टीमों ने स्थानीय लोक कलाओं और परंपराओं को शानदार अभिनय के साथ प्रस्तुत किया, जिससे दर्शकों ने हमारी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत का दिव्य अनुभव किया।
भर्तवाण जी की स्वर लहरियों और ढोल की ताल पर माता के पाश्वों का अवतरण होते देख भक्त भाव-विभोर हो उठे

मेला समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह सिनवाल, ग्राम पंचायत चोपता की प्रधान ऊषा रावत, मंदिर समिति की कार्यकारिणी तथा महिला-युवक मंगल दल ने मेले में पधारे सभी भक्तों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

समिति ने कहा कि मां गिरजा भवानी की कृपा से यह मेला क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने सभी भक्तों से आग्रह किया कि आगे आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर मां गिरजा के चरणों में आशीर्वाद प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!