हरीश चमोली
चमोली। उत्तराखंड के लिए गर्व और गौरव की खबर सामने आई है। राज्य के तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में स्थान बनाकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इस प्रतिष्ठित सूची में चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अल्मोड़ा के पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके और पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार को शामिल किया गया है।
इन अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था में सुधार, जनमित्र पुलिसिंग, जनता में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करने, दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार, पारदर्शी कार्यशैली, जवाबदेही तथा संकट के समय त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेने जैसे विभिन्न मानकों पर किया गया।
विशेष रूप से चमोली एसपी सुरजीत सिंह पंवार का इस सूची में शामिल होना जनपद के लिए भी गौरव का विषय है। उनके नेतृत्व में पुलिस की कार्यशैली को अधिक जनमित्र और प्रभावी बनाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब देशभर से चयनित इन 100 पुलिस अधिकारियों में से टॉप-25 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों का चयन किया जाएगा। ऐसे में उत्तराखंड के तीन अधिकारियों का शीर्ष सूची में शामिल होना प्रदेश की पुलिस व्यवस्था और अधिकारियों के समर्पित कार्यों की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तराखंड के तीनों पुलिस अधिकारियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं आगामी चयन के लिए शुभकामनाएं।

