देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत को विज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा “उत्तराखण्ड गौरव सम्मान–2025” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें देवभूमि उत्तराखण्ड को वैज्ञानिक प्रगति एवं तकनीकी विकास के नए शिखरों तक पहुंचाने, नवाचार आधारित अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं में वैज्ञानिक सोच एवं शोध संस्कृति को सुदृढ़ करने में उनके अनुकरणीय नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह देहरादून में आयोजित पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सम्मेलन (13 से 15 दिसंबर) के दौरान संपन्न हुआ। इस अवसर पर पीआरएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक एवं सेक्रेटरी जनरल डॉ. पी.एल.के. मूर्ति द्वारा यह सम्मान उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूरी भूषण तथा भारत सरकार के पूर्व कैबिनेट शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के करकमलों से प्रदान किया गया।
प्रो. दुर्गेश पंत के नेतृत्व में यू-कॉस्ट द्वारा राज्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित नवाचारों, स्टार्टअप सहयोग, शोध परियोजनाओं और युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहन देने की दिशा में कई प्रभावी पहलें की गई हैं, जिससे उत्तराखण्ड को एक नवाचार–आधारित राज्य के रूप में स्थापित करने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
उल्लेखनीय है कि पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया देश की जनसंपर्क, सरकारी, कॉर्पोरेट एवं मीडिया क्षेत्र की अग्रणी संस्था है, जो वर्ष 1958 से निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। वर्तमान में इसके देशभर में 25 चैप्टर तथा 5000 से अधिक सक्रिय सदस्य हैं।
इस सम्मान से न केवल प्रो. दुर्गेश पंत के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, बल्कि उत्तराखण्ड के विज्ञान एवं अनुसंधान क्षेत्र को भी नई प्रेरणा प्राप्त हुई है।
