बागेश्वर। उत्तराखंड में बिजली बकाए को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ऊर्जा निगम द्वारा जारी टॉप बकाएदारों की सूची में राज्य की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का नाम शामिल होने से सियासी हलकों में हलचल मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद बागेश्वर के कौसानी स्थित उनके ‘रुद्राक्ष पैलेस’ होटल पर लगभग 2 लाख 98 हजार 704 रुपये का बिजली बिल बकाया बताया गया है। बिजली विभाग द्वारा अखबार में प्रकाशित सूची में यह बकाया राशि दर्ज होने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इतना ही नहीं, इसी सूची में पूर्व मंत्री स्वर्गीय चंदन रामदास के नाम पर भी करीब 2 लाख 85 हजार 990 रुपये का बकाया दर्शाया गया है।
बिजली विभाग द्वारा सार्वजनिक रूप से बकाएदारों की सूची जारी किए जाने के बाद आम जनता और राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि जहां सामान्य उपभोक्ताओं पर बकाया होने पर सख्त कार्रवाई की जाती है, वहीं जनप्रतिनिधियों के मामलों में क्या समान मानदंड अपनाए जाएंगे।
फिलहाल इस मामले में मंत्री या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि ऊर्जा निगम बकाया वसूली के लिए आगे क्या कदम उठाता है और क्या नियमों के तहत कार्रवाई की जाती है या नहीं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर 2.98 लाख रुपये बिजली बिल बकाया, कार्रवाई पर उठे सवाल
