Header Banner
ताज़ा ख़बरें

भट्ट बोले, राज्य विरोधी ताकतों के साथ कांग्रेस का गठजोड़ उजागर

देहरादून।भारतीय जनता पार्टी ने तथाकथित महापंचायत को लेकर कांग्रेस समेत क्षेत्रीय दलों पर राज्य विरोधी ताकतों के साथ सांठगांठ का गंभीर आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिस संवेदनशील प्रकरण में पीड़ित परिवार और जनभावना के अनुरूप सीबीआई जांच की जा रही है, उसे विपक्ष अपनी चुनावी राजनीति का हथियार बनाना चाहता है। आंदोलनकारियों के खून से सने हाथों से कांग्रेसी ‘हाथ’ मिलाने की साजिश को प्रदेश की जनता भली-भांति देख रही है।
सरकार की तत्परता से दोषियों को मिली उम्रकैद
मीडिया से बातचीत में श्री भट्ट ने कल प्रस्तावित विपक्षी पंचायत को राज्य विरोधी और नकारात्मक राजनीति का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि दुखद घटना को लेकर सरकार ने पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई की, जिसका परिणाम यह रहा कि सभी दोषियों को अदालत से उम्रकैद की सजा मिली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों और सरकार की सतत मॉनिटरिंग के कारण एक भी दिन दोषी सलाखों से बाहर नहीं आ पाए।
सीबीआई जांच का उद्देश्य सभी शंकाओं का समाधान
उन्होंने कहा कि जब सोशल मीडिया के माध्यम से ऑडियो-वीडियो वायरल कर भ्रम और संशय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया, तब मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इस विषय को प्राथमिकता दी। पीड़ित परिवार से उच्च स्तरीय जांच को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और उनकी राय के आधार पर ही सीबीआई जांच की संस्तुति की गई। इसका उद्देश्य सभी आशंकाओं का पूर्ण निवारण करना है। प्रदेश की जनता पहले भी सरकार के साथ थी और अब उसे पूरा विश्वास है कि सीबीआई जांच से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
विपक्ष को नहीं रास आ रही निष्पक्ष जांच
श्री भट्ट ने आरोप लगाया कि सभी शंकाओं पर विराम लगाने का यह प्रयास विपक्ष को नागवार गुजर रहा है, क्योंकि वे जानते हैं कि वर्षों से फैलाया गया भ्रम, अफवाह और साजिश अब उजागर हो जाएगी। सीबीआई जांच की घोषणा के बाद विपक्ष पूरी तरह शस्त्रहीन हो गया है, इसलिए वे किंतु-परंतु कर इस मुद्दे को चुनाव तक जीवित रखना चाहते हैं। पहले समानांतर संगठनों के माध्यम से महापंचायत की घोषणा करवाई गई, लेकिन जनता का समर्थन न मिलने पर अब इंडी गठबंधन के नाम पर अस्वीकार किए जा चुके चेहरे सामने लाए जा रहे हैं।
राज्य निर्माण विरोधी ताकतों से गठजोड़ शर्मनाक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महापंचायत के नाम पर राज्य निर्माण विरोधी और आंदोलनकारियों की शहादत के लिए जिम्मेदार समाजवादी पार्टी की भागीदारी को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए हारी हुई कांग्रेस, राज्य और देश में हाशिए पर खड़े दलों के साथ मिलकर शहीदों का अपमान कर रही है।
उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस, यूकेडी और वामपंथी दल भले ही समाजवादी पार्टी के साथ हाथ मिला लें, लेकिन प्रदेश की स्वाभिमानी जनता ऐसे मौकापरस्त गठजोड़ को कभी माफ नहीं करेगी। 2027 के जिस उद्देश्य से यह भानुमति का कुनबा जोड़ा जा रहा है, उसे जनता निश्चित रूप से धराशायी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!