Header Banner
ताज़ा ख़बरें

नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की पहली खुली बैठक, सड़कों की बदहाली छाई रही चर्चाओं में

भूपेंद्र रोतेला

नारायणबगड़। ब्लॉक सभागार नारायणबगड़ में आज क्षेत्र पंचायत नारायणबगड़ की प्रथम बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रमुख गणेश चन्दोला की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का शुभारंभ जिला परियोजना निदेशक आनंद सिंह एवं थराली विधायक भूपाल राम टम्टा द्वारा किया गया।
बैठक में विकासखंड नारायणबगड़ के चहुंमुखी विकास को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखीं। इस दौरान सबसे अधिक समस्याएं लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई और एडीबी से संबंधित सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सामने आईं।
ग्राम प्रधान केवर, क्षेत्र पंचायत सदस्य असेड़, भटियाणा, खेनौली, विनायक, ग्राम प्रधान पैठाणी, कोठा, सीरी, भुल्कवाणी, गढ़कोट, चिड़िगा, क्षेत्र पंचायत सदस्य बूंगा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सड़कों की दयनीय हालत पर चिंता जताई।
बी.पी. सती द्वारा नारायणबगड़-डूंगरी एवं चोपता सड़क की बदहाल स्थिति को सुधारने की मांग रखी गई।
पीएमजीएसवाई विभाग से संबंधित समस्याएं ग्राम प्रधान रैई, सनेड, किमोली, क्षेत्र पंचायत सदस्य डुंग्री, बूंगा, कोट, जिला पंचायत सदस्य छेकुड़ा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उठाईं। नलगांव-कंडवालगांव सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा ग्राम प्रधान कफोली एवं नलगांव द्वारा रखा गया।
एनपीसीसी से जुड़े निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार की मांग क्षेत्र पंचायत सदस्य मींग एवं ब्लॉक प्रमुख गणेश चन्दोला ने रखी।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने सभी नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सदन को संबोधित किया तथा क्षेत्र में 180 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों व पुलों के निर्माण की जानकारी दी।
विधायक निधि से निर्माण कार्यों की मांग ग्राम प्रधान जाख पाट्यू व विनायक द्वारा रखी गई, जिस पर विधायक ने सहमति व्यक्त की।
विद्युत विभाग से ग्राम पंचायत तुनेड़ा में झूलते तारों व ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं। इसी प्रकार पेयजल, कृषि विभाग से संबंधित समस्याएं भी जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गईं।
बैठक में उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, साक्षी नेगी, सूरी कनेरी, ज्येष्ठ प्रमुख देवराज रावत, कनिष्ठ प्रमुख भूपेन्द्र मेहरा, प्रधान संघ अध्यक्ष नारायणबगड़ सहित सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!