भूपेंद्र रोतेला
नारायणबगड़। ब्लॉक प्रमुख गणेश चन्दोला ने ब्लॉक सभागार नारायणबगड़ में मीडिया के सम्मुख प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने अपने अब तक के चार माह के कार्यकाल में किए गए विकास एवं सुधार कार्यों की जानकारी दी।
ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि उनके कार्यकाल में उन कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जो पूर्व में लंबित थे। ब्लॉक सभागार के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत प्रमुख कक्ष, खंड शिक्षा अधिकारी कक्ष तथा बैठक हाल का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है, जिससे कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि शीघ्र ही ब्लॉक परिसर में महिला शौचालय का नव निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही सभागार के पीछे स्थित भवन के जीर्णोद्धार तथा परखाल पुल से मुख्य ब्लॉक सभागार तक जाने वाले जर्जर मार्ग को एक माह के भीतर ठीक करने का लक्ष्य रखा गया है।
ब्लॉक प्रमुख श्री चन्दोला ने क्षेत्रीय जनता को संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी भी नागरिक को कोई समस्या या शिकायत हो, तो वह ब्लॉक सभागार में आकर अपनी बात रख सकता है, जिस पर चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने के लिए पूर्ण रूप से समर्पित हैं और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
