काशीपुर। सचिव, संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम विभाग दीपक कुमार ने विकास खण्ड भागार में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुँचना चाहिए।
सचिव श्री कुमार ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन निर्माण कार्यों पर कार्य चल रहा है, उनमें तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाए। साथ ही शासन स्तर पर लंबित योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि इसमें प्राप्त सभी शिकायतों का संबंधित विभाग समय से निस्तारण सुनिश्चित करे तथा शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संवाद कर समस्या के समाधान की जानकारी भी दे। उन्होंने विभागों को नवाचार आधारित योजनाएँ तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
नगर आयुक्त काशीपुर को निर्देश देते हुए सचिव ने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी ड्रेनेज योजना बनाकर कार्य कराया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में सचिव श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विभागीय समन्वय आवश्यक है। ग्रामीण उन्मुख योजनाओं पर विशेष ध्यान देते हुए प्रशासन गांव के द्वार, सरकार जनता के द्वार एवं जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रमों के तहत गांवों में शिविर लगाकर जनता से संवाद करने तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, सड़क एवं सामाजिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए जनप्रतिनिधियों और आम जनता को जागरूक किया जाए।
सचिव ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में खराब या बंद शौचालयों की मरम्मत कर 8 मार्च, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व उन्हें संचालित करना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा प्रकाशित मेरी योजना पुस्तक को पढ़ने की अपील की, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध है।
बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम, एनयूएलएम, मनरेगा, सिंचाई योजनाएँ, जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, तहसीलदार पंकज चंदोला, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. दीक्षित, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन व विकास कार्यों की समीक्षा, सचिव दीपक कुमार ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
