गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की पहल से गैरसैंण को जल्द मिल सकता है केंद्रीय विद्यालय

दिल्ली। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शीघ्र ही केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख श्री अनिल बलूनी की पहल पर इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
सांसद श्री अनिल बलूनी तथा उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री धन सिंह रावत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री माननीय श्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट कर गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए औपचारिक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस जनहितकारी प्रस्ताव पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
भेंट के बाद सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल गैरसैंण, बल्कि आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के शैक्षिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय अंचल में शिक्षा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण समय की आवश्यकता है और केंद्रीय विद्यालय खुलने से स्थानीय छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे। यह कदम पलायन रोकने में भी सहायक सिद्ध होगा।
सांसद बलूनी ने इसे पूरे पर्वतीय क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे और गैरसैंण सहित समूचे क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!