नई दिल्ली। दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में हाल ही में एक दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड के प्रवासी युवक कमल ध्यानी की गड्ढे में गिरने से मृत्यु हो गई थी। कमल ध्यानी मूल रूप से उत्तराखंड के गढ़वाल जनपद के रिखणीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम खंदवाड़ी के निवासी थे। इस घटना से प्रवासी उत्तराखण्डी समाज में शोक और आक्रोश की लहर है।
इस बीच गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी ने पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशील पहल करते हुए उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। स्वर्गीय कमल ध्यानी के पिता, भाई एवं अन्य परिजनों के साथ सांसद बलूनी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए दिल्ली सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही सांसद अनिल बलूनी के आग्रह पर परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
सांसद बलूनी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी देशभर में अपनी मेहनत और ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं, और किसी भी संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहना उनका कर्तव्य है। उन्होंने प्रशासन से इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी पिथौरागढ़ निवासी कुंदन के मामले में सांसद बलूनी ने सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिसके लिए प्रवासी समाज ने उनका आभार व्यक्त किया था।
प्रवासी उत्तराखण्डी समुदाय ने इस संवेदनशील पहल के लिए सांसद अनिल बलूनी का धन्यवाद करते हुए आशा जताई है कि भविष्य में भी वे इसी तरह समाज के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
प्रवासी उत्तराखण्डियों के लिए सांसद अनिल बलूनी की संवेदनशील पहल
